7 अक्टूबर तक चलेगा 29वां एक्सपो उत्सव, पिंक हैंगर में महिला उद्यमियों को मिला मंच
रांची। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई के बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ का आयोजन मोरहाबादी मैदान में शुरू हो गया है। सात अक्टूबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से आए करीब 400 स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस वर्ष एक्सपो उत्सव की 29वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।
तीन अक्टूबर को एक्सपो में नाइट मार्केट का आयोजन किया गया। रात नौ बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक सभी स्टॉल खुले रहे। कार्निवाल थीम पर आयोजित नाइट मार्केट में जोकर, फायर जगलर समेत कई आकर्षण रहे। शहर के सामाजिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहपरिवार आयोजन में हिस्सा लिया और एक्सपो की सराहना की।
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि सात दिनों के उत्सव में देश के विभिन्न शहरों से 400 स्टॉल लगाए गए हैं। सभी स्टॉल वातानुकूलित हैं। इनमें बड़े ब्रांड, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स समेत विभिन्न उत्पादों के स्टॉल शामिल हैं। महिलाओं के लिए विशेष पिंक हैंगर बनाया गया है, जहां केवल महिला उद्यमियों को स्टॉल दिए गए हैं। बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क में विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं।
एक्सपो में तीन अक्टूबर को डॉग शो और ‘वॉइस ऑफ एक्सपो’ प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। डॉग शो में 17 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वरिष्ठ वर्ग में लाटरी, सिम्बा और वोडका तथा जूनियर वर्ग में मैक्स, क्रिस्पी और सूफी विजेता रहे। कार्यक्रम के संयोजक जेसीरेट नीमा मस्कारा और जेसी श्रेयांश वाधवानी थे। वहीं, ‘वॉइस ऑफ एक्सपो’ में 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसकी संयोजिका जेसीरेट संतोषी मुरारका, जेसीरेट गुरप्रीत कौर और जेसीरेट श्वेता छापरिया थीं।
सेवा प्रकल्प के तहत एक्सपो परिसर में नेत्र चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें करीब 50 लोगों की नि:शुल्क जांच की गई। शिविर चार अक्टूबर को भी आयोजित किया जाएगा।

एक्सपो का भ्रमण गांडेय विधायक कल्पना सोरेन की माताजी सिंघू मुर्मू, सीए राजेश शर्मा, सेंट्रल काउंसिल सदस्य, आईसीएआई, सीए ज्ञानचंद मिश्रा, नेशनल काउंसिल सदस्य, आईसीएआई और सुदेश कुमार, नजारत जिला कलेक्टर ने किया। उन्होंने जेसीआई के युवा सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के भव्य आयोजन के लिए कड़ी मेहनत और टीम भावना जरूरी है। अतिथियों ने सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्हें दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
चार अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता, पांच अक्टूबर को योग प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो तथा छह अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन होगा। इसमें बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। एक्सपो के विभिन्न कार्यक्रमों में क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण और प्रवेश टिकट की बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
‘एक्सपो उत्सव 2026’ के मुख्य प्रायोजक पंचरत्न स्काईलाइन हैं। टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी इसके पावर्ड बाय पार्टनर हैं। होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, एनटीपीसी, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम सहित कई प्रमुख ब्रांड सहयोगी के रूप में जुड़े हैं।
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, कोऑर्डिनेटर जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, जेसी सीए दीपक पटेल, जेसी ऋषभ जालान, जेसी अनिमेश निखिल, एक्सपो चेयरमैन जेसीरेट तृष्णा अग्रवाल, लेडीज विंग अध्यक्ष जेसीरेट खुशबु सिंघानिया और सचिव जेसीरेट नलिनी जैन समेत संस्था के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।
