युवाओं की समस्याओं को लेकर राज्यपाल से युवा राजद…

रांची
Share Now

Ranchi:  झारखंड प्रदेश युवा राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष माननीय रंजन कुमार यादव जी के नेतृत्व में आज पार्टी का एक चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों से जुड़े गंभीर एवं ज्वलंत मुद्दों को लेकर महामहिम राज्यपाल महोदय, झारखंड से मिला एवं उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान रंजन कुमार यादव ने महामहिम को अवगत कराया कि झारखंड राज्य के लाखों युवा आज शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अनेक संरचनात्मक एवं आर्थिक संकटों का सामना कर रहे हैं। राज्य के दूर-दराज, ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए वर्तमान व्यवस्था अत्यंत कठिन होती जा रही है, जिसके कारण अनेक प्रतिभाशाली युवा आगे बढ़ने से वंचित रह जा रहे हैं।

प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए यात्रा किराया माफी की मांग।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्रों को लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्रों तक जाना पड़ता है। विशेषकर गरीब एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों के लिए रेल एवं बस यात्रा का खर्च वहन करना अत्यंत कठिन होता है। कई बार आर्थिक तंगी के कारण छात्र परीक्षा में सम्मिलित ही नहीं हो पाते।

इस संदर्भ में मांग की गई कि प्रतियोगी परीक्षार्थियों को रेल एवं बस यात्रा में विशेष छूट अथवा किराया माफी प्रदान की जाए, जिससे वे बिना आर्थिक दबाव के परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।

छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी पर गंभीर चिंता।

प्रतिनिधिमंडल ने छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही लगातार देरी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के हजारों गरीब छात्र छात्रवृत्ति पर निर्भर होकर अपनी पढ़ाई पूरी करते हैं। भुगतान में देरी के कारण उनकी पढ़ाई, कोचिंग एवं दैनिक आवश्यकताएं प्रभावित होती हैं।

मांग की गई कि छात्रवृत्ति भुगतान प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए ताकि पात्र छात्रों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

कॉलेजों में अतिरिक्त शुल्क को वैकल्पिक बनाने की मांग।

युवा राजद ने यह भी मुद्दा उठाया कि कई कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रों से स्पोर्ट्स फीस, वाई-फाई फीस, कल्चरल फीस जैसे अतिरिक्त शुल्क अनिवार्य रूप से वसूले जा रहे हैं, जबकि अनेक छात्र इन सुविधाओं का उपयोग ही नहीं करते।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इन अतिरिक्त शुल्कों को Optional (वैकल्पिक) बनाया जाए और UGC के “Use-Based Fee Model” को राज्य में लागू किया जाए, जिससे केवल वही छात्र शुल्क दें जो इन सुविधाओं का उपयोग करते हैं।

DSPMU विश्वविद्यालय, रांची में बढ़ी फीस वापस लेने की मांग।

DSPMU विश्वविद्यालय, रांची में हाल ही में की गई भारी फीस वृद्धि पर प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। कहा गया कि यह वृद्धि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर असहनीय बोझ डाल रही है।

मांग की गई कि बढ़ी हुई फीस को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए अथवा न्यूनतम स्तर पर संशोधित किया जाए और भविष्य में किसी भी फीस वृद्धि से पहले छात्र संगठनों एवं अभिभावकों से व्यापक परामर्श सुनिश्चित किया जाए।

सेना भर्ती प्रक्रिया प्रत्येक जिला मुख्यालय में कराने की मांग।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सेना भर्ती के लिए युवाओं को दूर-दराज के स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे ग्रामीण और गरीब युवाओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इसलिए मांग की गई कि सेना भर्ती प्रक्रिया झारखंड के प्रत्येक जिला मुख्यालय में आयोजित की जाए, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को समान अवसर मिल सके और भर्ती प्रक्रिया सरल एवं सुलभ बने।

राज्यपाल महोदय ने समस्याओं को गंभीरता से सुना।

महामहिम राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया.

प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य रंजन कुमार यादव – प्रदेश अध्यक्ष, युवा राष्ट्रीय जनता दल, शौकत अंसारी – प्रधान महासचिव, युवा राष्ट्रीय जनता दल, क्षितिज मिश्रा प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता, युवा राष्ट्रीय जनता दल, आनंद यादव , जिला अध्यक्ष, छात्र राजद, रांची।

युवा राष्ट्रीय जनता दल, झारखंड प्रदेश ने स्पष्ट किया कि पार्टी राज्य के युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और जब तक इन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आवाज उठाती रहेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *