रांची। विधानसभा निर्वाचन के दूसरे चरण के मतदान में उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान करते दिखे मतदाता। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए सभी 38 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अन्य उत्सवों की भांति लोकतंत्र के इस महोत्सव में निर्वाचन के गाने गूंज रहे हैं, जिससे मतदाता प्रेरित भी हो रहे और हर्शोल्लास से मतदान करते दिख रहे हैं।
आज कुल 14,219 मतदान केंद्रों पर हो रहे मतदान में मतदाताओं को प्रेरित एवं सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष मतदान केंद्रों का निर्माण किया गया है। इसमें जिन मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहां केवल महिला पदाधिकारियों द्वारा संचालित मतदान केंद्रों का निर्माण किया गया है ।ऐसी महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित बूथों की संख्या 239 है। इसी प्रकार दिव्यांग मतदान कर्मियों द्वारा संचालित 22 एवं युवा मतदान कर्मियों द्वारा संचालित कुल 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
मतदाताओं को आकर्षित एवं मतदान की प्रक्रिया को खुशनुमा बनाने के उद्देश्य से कुल 48 बूथों को यूनिक बूथ के रूप में तैयार किया गया है , जिसमें स्थानीय चित्रकारी, संस्कृति, पर्यावरण की झलक दिखी। जामताड़ा में कुष्ठ रोगियों को पहली बार मतदान कराने के उद्देश्य से एक अलग बूथ का निर्माण किया गया, जिसपर सभी कुष्ठ पीड़ित मतदाताओं ने मतदान किया। इसी प्रकार इस बार के कई मतदान केंद्र ईको फ्रेंडली थीम पर सजाए गए हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
