झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम अंतिम चरण में, 94.96% फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा

चुनाव झारखंड रांची
Share Now

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा रविवार शाम 6 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं। इनमें से 2,64,36,310 (99.90%) मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं।

जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 2,51,30,651 (94.96%) इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वहीं 2,15,91,889 मतदाताओं के भरे एवं हस्ताक्षरित फॉर्म डिजिटाइज हो चुके हैं। इन सभी मतदाताओं के नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, 35,38,762 इन्यूमरेशन फॉर्म अब तक वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें 7,10,090 मृत मतदाता, 10,43,441 पता लगाने योग्य नहीं या अनुपस्थित मतदाता, 13,82,101 स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता, 3,68,425 अन्य स्थानों पर पहले से नामांकित मतदाता तथा 34,705 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिन्होंने इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय-सीमा के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्राप्त फॉर्मों के सत्यापन और डिजिटाइजेशन के बाद 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *