
टंडवा (चतरा), संवाददाता। चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली कोल परियोजना के शिवपुर रेलवे साइडिंग में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पटरी पार करने के दौरान एक अज्ञात युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोग भी मृतक की पहचान नहीं कर सके। हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक को पार करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
