भारी बारिश के बीच सड़क पर उतरे सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, NHAI और नगर निगम के अफसरों की लगा दी क्लास…

अभी अभी झारखंड
Share Now

Hazaribagh : गुरुवार को हुई लगातार भारी बारिश ने हजारीबाग नगर निगम और एनएचएआई की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी.

नगर क्षेत्र के कई मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.


इस बीच सदर विधायक प्रदीप प्रसाद छाता लेकर खुद सड़कों पर उतरे और मासीपीढ़ी मोहल्ला सहित कई प्रभावित इलाकों में भ्रमण किया. इस दौरान श्री प्रसाद ने लोगों की समस्याएं सुनीं.

स्थानीय लोगों ने सदर विधायक को जल निकासी की खराब व्यवस्था, नाले की सफाई न होने और सड़कों पर भरे पानी की समस्याएं बताईं. विधायक ने मौके पर ही एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर त्वरित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

वहीं श्री प्रसाद ने नगर निगम के नगर आयुक्त से अहले सुबह से ही लगातार संपर्क बनाए रखा और एक-एक समस्या की जानकारी देते हुए समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ करवाई.

लोगों की लगातार आ रही शिकायतों के बीच विधायक ने फोन पर ही नगर आयुक्त एवं निगम के अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया की वे मौके पर जाकर निरीक्षण करें और अविलंब कार्य प्रारंभ कराएं.

श्री प्रसाद कई स्थानों पर खुद खड़े होकर निगम की टीम को मार्गदर्शन देते हुए देखे गए. विधायक प्रदीप प्रसाद की यह तत्परता दोपहर तक जारी रही.

इस दौरान प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जब तक पूरी व्यवस्था सामान्य नहीं हो जाती है लगातार नगर निगम और एनएचएआई के संपर्क में रहेंगे और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे.

आगे उन्होंने कहा की जनता की समस्या मेरी अपनी समस्या है. जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराना प्राथमिकता है और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है. सड़क, गलियों और मुहल्लों में भरे पानी के बीच विधायक की उपस्थिति ने जनता में भरोसा जगाया और यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा है. हजारीबाग की जनता ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उनका यूं सड़कों पर उतरना सराहनीय और प्रेरणादायक है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *