सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी समयबद्धता के साथ करें चुनाव की तैयारी: के. रवि कुमार

चुनाव झारखंड रांची
Share Now

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की

रांची: लोकसभा आम निर्वाचन, 2024  के दृष्टिगत आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार , अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संदीप सिंह एवं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डा. नेहा अरोड़ा ने स्थानीय निर्वाचन सदन,धुर्वा से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ उनके संबंधित जिलों में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपने-अपने जिले में बूथ स्तरीय मतदाता जागरूकता समूहों एवं उनसे संबंधित बी.एल.ओ. के साथ निकट समन्वयन के लिए प्रखंड स्तर के किसी पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंप कर दिन-प्रतिदिन मतदाताओं की जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की मानीटरिंग करें। इससे 85 से अधिक आयु वाले मतदाताओं, दिव्यांगजनों, मतदान केन्द्रों तक पहुंच पाने में अक्षम मतदाताओं को चिन्हित कर उनके मताधिकार के प्रयोग को सुगम बनाने के लिए पहले से तैयारी रखा जाना आसान रहेगा। उन्होंने ऐसे मतदाताओं के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए वाहन की व्यवस्था समय पूर्व किए जाने का निदेश दिया। सभी मतदान केन्द्रों के लिए मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध रखी जानी हैं। अतः हरेक जिले में हरेक स्तर पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का स्पष्ट भौतिक आकलन कर लें, ताकि समय पर उनका सम्यक उपयोग हो सके। विशेष रूप से उपलब्ध एवं चलायमान एंबुलेंस को उपयोग के लिए तैयार रखे जाने की जरूरत पर उन्होंने बल दिया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शहरी क्षेत्रों के लिए अलग से अधिकारियों को नामित करते हुए बीएलओ से समन्वय कर  मतदाता जागरूकता समूहों की बैठक कराकर मतदाताओं की हर संभव उदासीनता को दूर करने के लिए प्रभावी प्रयास किये जाने का निदेश दिया।

उन्होंने मतदान केन्द्रों पर सुगम मतदान की सुविधा हेतु लगाये जाने वाले स्वयंसेवकों का डाटाबेस तैयार करने के लिए एनसीसी/एन एसएस/स्काउट एंड गाइड के प्रभारियों के साथ बैठक कर चयनित स्वयंसेवकों के नाम को अंतिम स्वरूप देने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सभी मतदान केन्द्र जागरूकता समूह को सक्रिय किया जाए, ताकि मतदान में सुगमता आ सके। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता समूहों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं गैर राजनैतिक नागरिक समूहों के साथ बैठक कर मतदाताओं की जागरूकता हेतु जरूरी प्रयास किये जाने का निदेश दिया। उन्होंने सभी शैक्षणिक संस्थानों के कैंपस एंबेसेडर के साथ बैठक कर युवा मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग के प्रति जागरूक करने के लिए जरूरी प्रयास करने का निदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन करते हुए निष्पक्ष एवं भयमुक्त निर्वाचन संचालन के लिए आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में किसी प्रकार व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने में कोई कसर नहीं छोड़ें।

उन्होंने सभी  जिलों के संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एप्प एवं पोर्टल पर रियल टाइम एंट्री का निदेश दिया, ताकि शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न कराया जा सके। उक्त समीक्षा बैठक में पोस्टल बैलेट, वाहन प्रबंधन, मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, निर्वाचन हेतु कार्मिकों का प्रबंधन आदि विषयों पर निर्धारित कैलेण्डर के अनुरूप कार्य निष्पादन का निदेश दिया गया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *