Ranchi Nagar Nigan: अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का कड़ा एक्शन, दो अवैध निर्माण ध्वस्त, नाले से हटाया धोबी घाट

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड रांची
Share Now

द जन सभा | डेस्क

शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रांची नगर निगम ने सोमवार को एक बड़ा अभियान चलाया। बरियातू रोड, बूटी मोड़ और हरमू रोड जैसे प्रमुख इलाकों में की गई इस कार्रवाई के दौरान सरकारी जमीन पर बने दो स्थायी अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा, दो अन्य अवैध ढांचों पर 48 घंटे के भीतर खुद अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम देते हुए नोटिस चस्पा किया गया है। अधिकारियों ने सड़क किनारे से पांच अस्थायी दुकानों को भी हटाया और दोबारा कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

इस अभियान के दौरान मेडिका चौक के पास एक सार्वजनिक नाले पर अवैध रूप से संचालित हो रहे धोबी घाट को भी हटाया गया, जहाँ टेंट के कपड़ों की धुलाई के कारण पानी की निकासी रुकी हुई थी। वहीं, हरमू रोड पर भारत माता चौक से किशोरगंज के बीच भवनों के बाहर सड़क पर निकाली गईं अवैध सीढ़ियां, फ्लोरिंग और फुटपाथ पर किए गए कब्जों को भी ढहा दिया गया। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *