रांची / कांके : ईद-उल-फितर, सरहुल और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को कांके थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने की।

बैठक में एसडीपीओ अमर कुमार पांडेय, उप प्रमुख अंजय बैठा, सरना समिति कांके के अध्यक्ष रंजीत टोप्पो समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाए जाएंगे। प्रशासन की ओर से बताया गया कि संभावित 20 एवं 21 मार्च को थाना क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। वहीं 21 मार्च को सरहुल पर्व मनाया जाएगा। इसके बाद 26 मार्च को रामनवमी और 27 मार्च को खरसावां में पारंपरिक मार्ग से सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत रामनवमी का जुलूस निकाला जाएगा।

प्रशासन के अनुसार रामनवमी का जुलूस अपराह्न 4 बजे निकलेगा और विभिन्न पारंपरिक मार्गों से होते हुए रात 9 बजे इसका समापन होगा। जुलूस के दौरान डीजे बजाने और विवादास्पद गाने बजाने पर सख्त मनाही रहेगी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
उप प्रमुख अंजय बैठा ने कहा कि कांके क्षेत्र में हमेशा से सभी समुदाय के लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाते रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।
एसडीपीओ अमर कुमार पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अंचल अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि सभी धार्मिक और सामाजिक संगठनों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से ही सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकते हैं।
बैठक में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि कांके की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए सभी पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। बैठक में झामुमो केंद्रीय सदस्य समनूर अंसारी, रांची जिला संयोजक सोनू मुंडा, अजीज अंसारी, कांके सरना समिति के अध्यक्ष रंजीत टोप्पो, लोकहित अधिकार पार्टी के प्रमोद गुप्ता, जिला परिषद सदस्य किरण देवी, सज्जाद अंसारी, अमर तिर्की राम लाल साहू, हरिनाथ साहू, अजय गौतम, मुखिया सुधा पाहन, अनीता मुंडा, सोमा उरांव इत्यादि दर्जनों लोग शामिल रहे ।
