अपराध रांची
Share Now

मुख्यमंत्री से व्यापारियों को सुरक्षा दिलाने के लिए चैंबर से हस्तक्षेप की मांग

भयमुक्त वातावरण के लिए माननीय मुख्यमंत्री ने चैंबर को दिलाया भरोसा

सर्राफा व्यापारियों के साथ चैंबर की बैठक

रांची: बिरसा चौक स्थित डीपी ज्वैलर्स में लूट और गोलीकांड की घटना के साथ ही राज्य की विधि व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अध्यक्ष किशोर मंत्री के नेतृत्व में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज, सोना चांदी व्यवसायी समिति और सर्राफा एसोसियेशन के पदाधिकारियों ने माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात कर भयमुक्त वातावरण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमण्डल ने कहा कि रोजाना हो रही चोरी, डकैती, छिनतई और हत्या जैसी अप्रिय घटनाओं से राजधानी के साथ ही पूरे राज्य में भय का माहौल बना हुआ है, जिसपर त्वरित हस्तक्षेप आवश्यक है।

माननीय मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन ने सुरक्षित माहौल देने का भरोसा दिलाते हुए व्यापारियों को भयमुक्त होकर व्यापार करने की अपील की। यह कहा कि सरकार व्यापारियों और जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। दो-चार दिनों में ही व्यवस्था में गुणात्मक सुधार देखने को मिलेंगे।

बताते चलें कि माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात से पूर्व सोना चांदी व्यवसायी समिति के आहवान पर दुकानें बंद कर आज सर्राफा व्यापारियों ने सैकडों की संख्या में चैंबर भवन में एकत्रित होकर राजधानी की विधि व्यवस्था का विरोध करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा के लिए चैंबर अध्यक्ष से हस्तक्षेप का आग्रह किया। सोना चांदी व्यवसायी समिति के पदाधिकारियों ने राजधानी की विधि व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए चैंबर अध्यक्ष से इस मामले में मुख्यमंत्री और डीजीपी से मिलकर व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की। सोना चांदी व्यवसायी समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष रवि कुमार पिंकू और पूर्व अध्यक्ष दिलीप सोनी ने संयुक्त रूप से कहा कि हम सडकों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन जैसी स्थिति नहीं चाहते किंतु लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारी भयभीत हैं। उन्होंने ज्वैलर्स व्यापारियों के इस विरोध में चैंबर का सहयोग मांगा और कहा कि यदि दो दिनों में स्थितियों में सुधार नहीं हुआ तब चैंबर के नेतृत्व में हम राज्यस्तर पर अपनी दुकानें बंद करने को बाध्य होंगे।

चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि चैंबर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। राजधानी में केवल दुकानों में डकैती नहीं, राह चलते महिलाओं से चेन छिनतई जैसी घटनाएं घटित होने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। सरकार को अविलंब ठोस कार्रवाई करने की आवश्यकता है ताकि व्यापारी सुरक्षित माहौल में व्यापार कर सकें। चैंबर महासचिव परेश गट्टानी ने कहा कि जब राजधानी ही सुरक्षित नहीं तब राज्य के अन्य जिलों में क्या होगा। हमारा काम व्यापार करना है और सुरक्षित माहौल देना प्रशासन का काम है। आये दिन डकैती, चोरी, छिनतई और गोलीकांड जैसी घटनाओं से व्यापारी वर्ग के साथ ही आमजन सषंकित हैं। इससे आर्थिक गतिविधि भी प्रभावित हो रही है। कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण लोहिया और रोहित पोद्दार ने संयुक्त रूप से पुलिस प्रशासन के सूचना तंत्र को मजबूत करने की बात कही।

चैंबर भवन में हुई इस बैठक में चैंबर के सह सचिव अमित शर्मा, शैलेष अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण लोहिया, रोहित पोद्दार, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी, सोना चांदी व्यवसायी समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष रवि कुमार पिंकू, पूर्व अध्यक्ष दिलीप सोनी, व्यवसायी जितेंद्र सोनी, महेश सोनी, पुरषोतम सोनी,  रवि सोनी, रिंकू सोनी, संजय सोनी समेत सोना चांदी के सैकडों व्यापारी उपस्थित थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *