रांची : राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य शहरों के सुनियोजित एवं समग्र विकास के उद्देश्य से मंगलवार को नेपाल हाउस स्थित कार्यालय में नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने की।
मास्टर प्लान के अनुरूप हो शहरों का विकास, शहर से सटे क्षेत्रों को भी जोड़ा जाए – मंत्री सुदिव्य कुमार

बैठक में मंत्री कुमार ने निर्देश दिए कि सभी शहरों का विकास मास्टर प्लान के अनुरूप किया जाए, जिसमें शहर से सटे क्षेत्रों को भी शामिल किया जाए ताकि भविष्य में नगरीय विकास की दिशा में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि टीयर-1, टीयर-2 और टीयर-3 शहरों का विकास सुनियोजित ढंग से किया जाना आवश्यक है।
बैठक के दौरान मंत्री ने पेयजलापूर्ति एवं सेप्टेज प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि इन योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान कार्य स्थल पर ऑन स्पॉट किया जाए।
मंत्री सुदिव्य ने अधिकारियों को दिए निर्देश
- जलापूर्ति और सेप्टेज प्रबंधन योजनाओं में हो रही देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी ऑन स्पॉट समाधान सुनिश्चित करें।
- प्रधानमंत्री आवास योजना में भूमि की अनुपलब्धता की समस्या के समाधान हेतु मुख्य सचिव स्तर पर स्टेकहोल्डर बैठक आयोजित कर समाधान निकाला जाएगा।
- रांची स्मार्ट सिटी की तर्ज पर प्रदेश के बड़े शहरों में एरिया बेस्ड डेवलपमेंट (ABD) मॉडल अपनाते हुए क्षेत्रीय विकास किया जाएगा। इसके लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
- नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति में सुधार हेतु प्रत्येक होल्डिंग का ड्रोन सर्वे कराकर प्रभावी रूप से प्रॉपर्टी टैक्स संग्रह किया जाएगा।
- राजधानी रांची में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही, शहर के सभी प्रमुख मार्गों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए।
- निर्माणाधीन रविंद्र भवन का कार्य शीघ्र पूर्ण कर, रविंद्र जयंती के अवसर पर इसका उद्घाटन किया जाएगा।
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, SUDA के निदेशक अमित कुमार, DMA निदेशक सत्येन्द्र कुमार, विभाग की अपर सचिव ज्योत्ष्णा सिंह, संयुक्त सचिव दीपक दूबे, रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह, JUIDCO के तकनीकी और प्रशासनिक प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
