मोदी और भाजपा पर जमकर बरसे नेता
मोदी सरकार को जड़ से हटाने का आह्वान
रांची: धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की उलगुलान न्याय महारैली में इंडी गठबंधन के नेता एक मंच पर दिखाई दिये। महारैली में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, आप सांसद संजय सिंह और उनकी पत्नी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेता अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला सहित अन्य कई प्रमुख नेता भी शामिल हुए। सभी ने एक सुर में मोदी सरकार को जड़ से हटाने का आह्वान किया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाषण की शुरुआत हेमन्त सोरेन से की। उन्होंने कहा कि हेमन्त सोरेन की कोई गलती नहीं थी। उनकी गलती सिर्फ यही थी कि उन्होंने इंडिया गठबंधन से दोस्ती कर ली। यही गलती उनकी भारी पड़ गई। मोदी के चेलों ने वार्निंग दी। जेल में डाल दिया। लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि हेमन्त सोरेन हिम्मतवाला है। हेमन्त सोरेन ने कहा कि मैं गठबंधन नहीं छोड़ुंगा, मुझे जेल जाना पसंद है। ये हिम्मत है, हेमन्त सोरेन की। उन्होंने कहा कि मोदी को पता नहीं कि आदिवासियों को डर नही रहता। आदिवासी जंगल में रहते हैं। वे सभी के साथ मिलकर रहते हैं। अंधेरे में रहते हैं। वो क्या डरेंगे। मोदी जी आप इन्हें डराने की कोशिश करेंगे तो आप ही खत्म हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि हम चाहते है कि देश में लोकतंत्र रहे, टिके। संविधान रहे। संविधान अगर गया तो कुछ भी नहीं बचेगा। आज देश में संविधान है। लोकतंत्र हैं इसलिये आपको लोग आदर से देखते हैं।
उन्होंने कहा कि मोदीजी गारंटी की बात करते हैं। लेकिन उनकी एक भी गारंटी पूरा नहीं करते। जबकि दूसरी ओर जहां भी हमारी सरकार बनी। हमने जो भी गारंटी दिया। उसे गारंटी को पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि 2004 में जैसे इंडिया शाइनिंग के नारा का हवा निकल गया था। वैसे इस बार इनका भी हवा निकलना है। ये 180 से ज्यादा आनेवाले नहीं। आप वोट जरुर करिये, क्योंकि आपके वोट से ही इंडी गठबंधन मजबूत बनेगा।
हमलोगों को मोदी की गारंटी की जरुरत नहीं: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि हमलोगों को मोदी की गारंटी की जरुरत नहीं, हमारे लिए जो बाबा साहेब का संविधान है, उस संविधान की गारंटी को बनाये रखने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का मतदान संपन्न हुआ है। उस प्रथम चरण में खासकर उत्तरप्रदेश में भाजपा का सफाया हो चुका है और जब उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो सकता है तो झारखण्ड से क्यों नहीं, झारखण्ड में तो सर्वाधिक अत्याचार इन भाजपाइयों ने किया है।

गठबंधन का कोई नेता गीदड़ भभकी से डरनेवाला नहीं: तेजस्वी यादव
पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारा गठबंधन का कोई नेता गीदड़ भभकी से डरनेवाला नहीं। हमारे कृष्ण का तो जन्म ही जेल में हुआ। हम इनसे क्यों डरें। इनको वोट का चोट देना है। इनसे बदला लेना है। बदला केवल जेल का नहीं, देश को जो बदहाल किया उसका बदला लेना है। देश में गरीबी बढ़ा दी, महंगाई बढ़ा दी, जुमलेबाजी की, उसका बदला। मोदी झूठ के मैन्यूफेक्चरर भी है, होलसेलर और डिस्टीब्यूटर्स भी है। ये गोबर को भी हलवा बना देते हैं।
40 सीट भी नहीं मिलने वाला: चंपाई सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन को साजिश के तहत जेल भेजा गया है। लेकिन जेल में भी हेमंत का हौंसला बुलंद है। हम आदिवासी डरने वाले नहीं हैं। इंडिया गठबंधन भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करेगी। 400 सीट की जगह उन्हें 40 सीट भी नहीं मिलने वाला।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
