रांची: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के निदेशक (कार्मिक) श्री कृष्ण कुमार सिंह ने 2 अप्रैल 2026 को कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया है।
करीब चार दशकों के समृद्ध अनुभव के साथ श्री सिंह ने प्रचालन, मानव संसाधन विकास, सतर्कता तथा कार्मिक एवं प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सशक्त भूमिका निभाई है। वे लंबे समय से सेल की विकास यात्रा में एक प्रमुख स्तंभ रहे हैं।
श्री सिंह ने वर्ष 1987 में भिलाई इस्पात संयंत्र में प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। शुरुआती दौर में उन्होंने ‘ब्लूमिंग एंड बिलेट मिल’ में एक दशक से अधिक समय तक कार्य करते हुए उत्पादन क्षेत्र में अहम योगदान दिया। इसके बाद उन्होंने मानव संसाधन विकास क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता विकसित की।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कार्मिक एवं प्रशासन विभाग में कार्यकारी निदेशक (प्रभारी) सहित कई महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी पदों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2022 में उन्हें निदेशक (कार्मिक) के पद पर नियुक्त किया गया, जो उनके गहन अनुभव और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
निदेशक (कार्मिक) के रूप में अपने वर्तमान दायित्व में श्री सिंह ने सेल के मानव संसाधन क्षेत्र में व्यापक सुधार और नवाचार को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कर्मचारियों के कल्याण, कौशल विकास और भविष्य उन्मुख कार्यबल तैयार करने के लिए कई प्रगतिशील योजनाओं की शुरुआत की।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
