द जन सभा | डेस्क
प्रखंड के नगड़ी गांव में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जल्द ही खराब सड़क की समस्या से राहत मिलने वाली है। मंगलवार को स्थानीय विधायक सुरेश बैठा ने पुनई टोप्पो के घर से नवीन कच्छप के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास फीता काटकर किया। सड़क के बन जाने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ गांव के सरकारी स्कूल आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भी अब जर्जर रास्ते और कीचड़ भरी परेशानियों से नहीं गुजरना पड़ेगा।

इस अवसर पर श्री बैठा ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि क्षेत्र के सभी गांवों और वार्डों में जर्जर सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। शिलान्यास के बाद विधायक ने नगड़ी स्थित सरकारी स्कूल का भी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल के अध्यापकों ने एक नए क्लासरूम की सख्त जरूरत के बारे में बताया, जिस पर श्री बैठा ने तुरंत आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही संबंधित विभाग को पत्र लिखकर इस मांग को पूरा करवाएंगे।
इस अवसर पर कांके सरना समिति के अध्यक्ष रंजीत टोप्पो, यूथ कांग्रेस नेता जमील अख्तर, समाजसेवी हरिनाथ साहू, अशोक महतो और निलेश मिश्रा समेत भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जन प्रतिनिधि ने सेवा ही संकल्प के अपने नारे को दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के जन कल्याणकारी कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
