“अमिताभ बच्चन के मंच से चमका झारखंड का लाल, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने केबीसी विजेता बिप्लब बिस्वास को दी बधाई”

अभी अभी झारखंड
Share Now

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लोकप्रिय टीवी शो “कौन बनेगा करोड़पति” (केबीसी) सीजन-17 के विजेता बिप्लब बिस्वास ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिप्लब बिस्वास को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बिप्लब बिस्वास की यह सफलता न केवल झारखंड के लिए गर्व की बात है, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा भी है। उन्होंने कहा कि बिप्लब ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और ज्ञान के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार को गर्व है कि राज्य के एक होनहार युवा ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उल्लेखनीय है कि बिप्लब बिस्वास ने 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को प्रसारित “कौन बनेगा करोड़पति” के एपिसोड में 1 करोड़ रुपये के प्रश्न का सही उत्तर देकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

वे केबीसी सीजन-17 के दूसरे प्रतिभागी हैं जिन्होंने यह सम्मान प्राप्त किया। शो के दौरान उनकी तर्कशक्ति, व्यापक ज्ञान और आत्मविश्वास की सराहना कार्यक्रम के होस्ट अमिताभ बच्चन सहित दर्शकों ने भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *