झारखंड के रामरेखा धाम और तिलैया इको-टूरिज्म परियोजना को मिली ₹53.74 करोड़ की मंजूरी

झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

रांची: केंद्र सरकार ने झारखंड के पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल ₹53.74 करोड़ की केंद्रीय वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। यह जानकारी केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से दी।

पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, चैलेंज बेस्ड डेस्टिनेशन डेवलपमेंट योजना के तहत सिमडेगा जिले के रामरेखा धाम को आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए ₹18.87 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना को 27 मार्च 2025 को स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस विकास कार्य से रामरेखा धाम में पर्यटकों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

वहीं, स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के अंतर्गत कोडरमा जिले के तिलैया में इको-टूरिज्म विकास के लिए ₹34.87 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना का उद्देश्य तिलैया क्षेत्र को प्राकृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

पर्यटन मंत्रालय ने बताया कि पिछले दो वर्षों में देशभर में विभिन्न योजनाओं के तहत 117 पर्यटन परियोजनाओं को ₹5,756.62 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इनमें स्वदेश दर्शन 2.0, चैलेंज बेस्ड डेस्टिनेशन डेवलपमेंट, प्रसाद, केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से पर्यटन अवसंरचना विकास, डीए-जुगा तथा जैसी योजनाएं शामिल हैं।

केंद्र सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से पर्यटन अवसंरचना मजबूत होगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्यों में पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। झारखंड के लिए यह मंजूरी राज्य के पर्यटन क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *