माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज गाँधी जयंती के अवसर पर मोरहाबादी, राँची स्थित बापू वाटिका जाकर वहाँ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने पूज्य बापू के प्रिय भजन भी सुने।राज्यपाल महोदय ने इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पूज्य बापू के सिद्धांत आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का जो संदेश दिया था, वह हमारे समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की भी जयंती है, जो सादगी के प्रतीक थे। दोनों महापुरुष का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उक्त कार्यक्रम में राज्य के माननीय मंत्री श्री रामेश्वर उराँव, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
