बालूमाथ: बालूमाथ–उदयपुरा सड़क निर्माण के दौरान भूमि अधिग्रहण से प्रभावित रैयतों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बालूमाथ कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष के निर्देश पर मौजा बालू ग्राम में रैयतों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस मंडल अध्यक्ष कर्मदेव भगत ने की।

बैठक में बताया गया कि करीब पाँच वर्ष पूर्व सड़क निर्माण के दौरान कई रैयतों की भूमि अधिग्रहित की गई थी। इस प्रक्रिया में अनेक परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन हैरानी की बात यह है कि भू-अर्जन विभाग द्वारा आज तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया। मुआवजा नहीं मिलने के कारण प्रभावित परिवार आज भी आर्थिक तंगी और मानसिक पीड़ा झेलने को मजबूर हैं।
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष कर्मदेव भगत ने कहा कि रैयतों की जमीन लेकर सड़क बना दी गई, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिला। यह रैयतों के साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी प्रभावित रैयतों को अविलंब उचित मुआवजा दिया जाए।
वहीं कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी प्रभावित रैयतों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में शिबू भगत, रामू उरांव, दीपक यादव, राजेश भैया, जंगल उरांव, सोनू साव, अजय साव, इंद्रदेव उरांव सहित बड़ी संख्या में प्रभावित रैयत उपस्थित थे।
