
द जन सभा | निरंजन भारती l
लोअर बाजार थाना क्षेत्र में एक घर से मोबाइल और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वादी अमन, पिता स्वर्गीय मो. नाजीर, निवासी नाजीर अली लेन, लोअर बाजार, रांची, ने थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ अपने घर से मोबाइल और पैसे चोरी करने का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने लोअर बाजार थाना कांड संख्या- 84/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 305(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास के कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। गुप्तचरों से मिली सटीक सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी की, जब वे चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मो. अदनान अंसारी, उम्र 19 वर्ष, पिता मो. जमील अंसारी, निवासी काली स्थान रोड, लोअर बाजार, रांची और मो. अफसर उम्र 21 वर्ष, पिता रजी अहमद, निवासी चर्च रोड नाजीर अली लेन, लोअर बाजार, रांची के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कांड से संबंधित रेडमी Redmi कंपनी के 02 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक, मो. अफसर, पहले भी कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ सदर थाना में कांड संख्या 461/2021 (धारा 379/411/34 भादवि) और लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 68/2022 दर्ज है। लोअर बाजार वाले मामले में उस पर दंगा भड़काने, पुलिस पर हमला करने और आगजनी जैसी गंभीर धाराओं (147, 148, 149, 188, 295ए, 332, 353, 323, 427, 435, 504, 307, 290 भादवि) के तहत मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से लोअर बाजार थाना प्रभारी पु.नि. सह थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर (स.अ.नि.) अजय कुमार सिंह और थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
