नववर्ष पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का रांची भ्रमण, धुर्वा डैम को पर्यटन हब बनाने के दिए निर्देश

अभी अभी झारखंड मनोरंजन रांची विशेष
Share Now

रांची/ संवाददाता: नववर्ष के आगाज पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को रांची शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने धुर्वा डैम समेत अन्य प्रमुख पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण कर वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तार से जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया।


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र को पर्यटन के दृष्टिकोण से व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए एक ठोस और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन नक्शे पर एक प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा।


मुख्यमंत्री सोरेन ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “धुर्वा डैम न केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी मौजूद हैं। सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी।”


इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने धुर्वा स्थित झारखंड ज्यूडिशियल अकादमी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *