रांची: बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) की ओर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत 31 मई 2025 को धनबाद शहर से सात ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका एवं शिर्डी यात्रा के लिए ट्रेन रवाना होगी। यह ट्रेन हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, राजगीर, बिहारशरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर, दिलदारनगर और पंडित दीनदायत उपाध्याय स्टेशनों से होते हुए जाएगी, जहां से यात्री इस ट्रेन पर सवार हो सकेंगे। यह जानकारी आईआरसीटीसी के डीजीएम एसजे सोरेंग, टूरिज्म एरिया मैनेजर अरविंद चौधरी और आईआरसीटीसी रांची के कंसल्टेंट रंजीत कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि 12 रातें और 13 दिनों की इस यात्रा में उज्जैन (श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग) द्वारका (श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री द्वारिकाधीश मंदिर) सोमनाथ (श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग) शिर्डी (साई बाबा दर्शन) एवं नासिक (श्री त्र्यम्बकेश्वर ज्योतिर्लिंग), पुणे (भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग), औरंगाबाद (घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिङ्ग) के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जायेगा। इसके लिए यात्रियों को महज रु. 23,575/- प्रति व्यक्ति (स्लीपर इकॉनामी श्रेणी), एवं रु. 39,990/- प्रति व्यक्ति (3एसी कम्फर्ट श्रेणी) का खर्च उठाना होगा। इच्छुक पर्यटक इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन व अधिकृत एजेंट से भी करा सकते है। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी व बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी टाटानगर कोलकाता, पटना एवं गया कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है। पर्यटक 30 मई तक बुकिंग करवा सकते है। सीट फुल होते ही बुकिंग बंद कर दी जाएगी। पहले आओ और पहले पाओ तर्ज पर बुकिंग मिलेगी।
उन्होंने प्रेस वार्ता में बताया कि आईआरसीटीसी, इस सर्व समावेशी टूर की पेशकश कर रहा है, जिसमें भारत गौरव ट्रेन के विशेष एलएचबी रेक में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, सड़क परिवहन और गुणवत्तायुक्त बसों में दर्शनीय स्थलों की यात्रा, यात्रा कार्यक्रम के अनुसार आवास की व्यवस्था, यात्रा में टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग की सेवा शामिल है। कोविड नियमों का पालन होगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
