एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी अकादमी व पावर फिट जिम का उद्घाटन, रोमांचक मुकाबला 2-2 से बराबर
रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ, रांची की ओर से बुधवार को हटिया स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में विशेष समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग को मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष, दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ रांची, करुणा निधि सिंह ने शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
अखिल भारतीय रेलवे तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दक्षिण पूर्व रेलवे की खिलाड़ी दीप्ति कुमारी और रिमिल बिरुली को भी शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे रांची मंडल के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि रांची मंडल अपने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन और सहयोग देता रहा है तथा भविष्य में भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि रांची मंडल में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा। खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल सके।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजा की मौजूदगी में एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी अकादमी और आरडीएसए पावर फिट जिम का उद्घाटन किया। हॉकी अकादमी के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ आम नागरिकों को भी हॉकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ, रांची और एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र, रांची के बीच मैत्री हॉकी मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबला 2-2 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हटिया रेलवे कॉलोनी में विशेष रोड शो भी आयोजित किया गया। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता महिला हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग खुली पुरानी कार में सवार होकर रोड शो में शामिल हुईं। रोड शो एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम से शुरू होकर हटिया रेलवे कॉलोनी से गुजरते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों, खिलाड़ियों और रेलवे कॉलोनी के लोगों ने तीनों खिलाड़ियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रजेश साहू, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक लक्ष्मण कुमार, सहायक क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष कुमार सिन्हा, ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित सुमराई टेटे, भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा, दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ के सचिव ओम प्रकाश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
