रांची, 23 सितम्बर : ऑल इंडिया क्रिश्चियन माइनोरिटी फ्रंट ने महिला नेतृत्व को मजबूत करने और संगठन की गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अंशु लकरा को झारखंड महिला विंग का सचिव मनोनीत किया है.
फ्रंट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष व पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से मनोनयन पत्र जारी करते हुए बताया कि अंशु लकरा का सामाजिक कार्यों में योगदान उल्लेखनीय रहा है. वे वर्षों से महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रही हैं.
उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश में महिला विंग को नई दिशा एवं ऊर्जा मिलेगी. नवनियुक्त सचिव अंशु लकरा ने अपनी नियुक्ति पर संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा “मुझे दी गई यह जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज की बेहतरी और महिलाओं के सशक्तिकरण की बड़ी जिम्मेदारी है.
मेरा प्रयास रहेगा कि हर वर्ग की महिलाएं समान अधिकारों और अवसरों के साथ समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकें.
मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन द्वारा दिए गए विश्वास को निभाऊंगी.” इस अवसर पर संगठन के विभिन्न प्रांतों के पदाधिकारियों ने अंशु लकरा को बधाई दी और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में महिला विंग समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएगी तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती प्रदान करेगी.
