द जन सभा डेस्क | रांची
कांके थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड फंसाकर खाते से 2.50 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। घटना बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम की बताई जा रही है। पीड़ित कलाम अब्दुल अंसारी अपने दोस्त के साथ एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। आरोप है कि अपराधी पहले से ही एटीएम के आसपास घात लगाकर बैठा था और पूरी घटना को अंजाम देने के लिए मौके की निगरानी कर रहा था।

बताया गया है कि अंसारी जैसे ही एटीएम के अंदर गए, उनका कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान नीली टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति एटीएम के अंदर पहुंचा। उसने अंसारी को एक मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि यह एटीएम इंजीनियर का नंबर है और फोन करने पर वह आकर मशीन ठीक कर देगा। अंसारी ने दिए गए नंबर पर फोन किया। दूसरी तरफ से बात करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि उसके पास जरूरी संसाधन नहीं हैं और अंसारी को चांदनी चौक आने के लिए कहा।
अंसारी एटीएम कार्ड मशीन में फंसा छोड़कर बाइक से चांदनी चौक के लिए निकल गए। आरोप है कि उनके एटीएम से बाहर निकलते ही संदिग्ध व्यक्ति दोबारा अंदर पहुंचा और प्लास की मदद से कार्ड निकालकर वहां से फरार हो गया। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है।
कार्ड लेकर फरार होने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर कुछ ही देर में खाते से रकम निकालनी शुरू कर दी। अंसारी के मोबाइल पर ढाई लाख रुपए के ट्रांजेक्शन के मैसेज आए। इसके बाद कांके थाना में शिकायत की गई है।
मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के मैसेज देखकर अंसारी को ठगी का एहसास हुआ। वह तुरंत कांके थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज, एटीएम से हुए ट्रांजेक्शन और संदिग्ध द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर की जांच से आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिल सकती है।
