रांची : युवा जागृति संघ के तत्वावधान में रविवार को शहर के दो अलग-अलग स्थानों , राधा नगर, पंडरा तथा हरिओम अपार्टमेंट, काजू बगान में जन-जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। अभियान के तहत साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को उपयोगी व व्यवहारिक जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

कैंप में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ विकास कुमार ने ऑनलाइन ठगी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से दूरी बनाए रखने की अपील की।
महिला सुरक्षा विषय पर झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता विजयलक्ष्मी श्रीवास्तव ने महिलाओं के कानूनी अधिकार, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध तथा आपात स्थिति में कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कुमुद झा की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने महिलाओं, युवाओं और परिवारों से संवाद कर आत्म-सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया तथा पीड़ितों को बिना भय के उचित मंच पर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही राधा नगर, पंडरा में निःशुल्क डेंटल कैंप का आयोजन भी किया गया, जिसका संचालन डॉ. मेघा (Dr Megha Dental Studio) ने किया। कैंप में दांतों की जांच, परामर्श और मौखिक स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ दी गईं।
युवा जागृति संघ की ओर से सुनील कुमार महतो, विकास कुमार और अनुपम कुमार की सक्रिय उपस्थिति रही। दोनों स्थानों पर आयोजित कैंप में स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
