टंडवा : टंडवा में बालू माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। टंडवा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और ढुलाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन की सख्ती के तमाम दावों के बावजूद बालू माफिया बेखौफ होकर खुलेआम अपने धंधे को अंजाम दे रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, प्रतिदिन अहले सुबह दर्जनों ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू लादकर टंडवा थाना के ठीक सामने से गुजरते हैं, लेकिन पुलिस और खनन विभाग मूकदर्शक बने रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, पर प्रशासन की कार्रवाई केवल दिखावटी साबित हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू माफिया विरोध करने पर खुलेआम धमकी देते हैं। माफियाओं की पहुंच और दबदबे के कारण ग्रामीण भयभीत हैं और खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने यहां तक आरोप लगाया है कि इस अवैध कारोबार में थाना स्तर पर हिस्सेदारी तय है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस और खनन विभाग की कथित मिलीभगत से यह गोरखधंधा जोरों पर चल रहा है। जब कभी कार्रवाई होती भी है, तो वह केवल खानापूर्ति तक सीमित रहती है और कुछ दिनों बाद तस्करी फिर शुरू हो जाती है।
क्षेत्रीय जनता ने शासन-प्रशासन से अवैध बालू खनन और तस्करी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
साथ ही इस धंधे में शामिल माफियाओं और संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
