VB- GRAMG बिल गरीब-विरोधी, झामुमो ने रांची में किया महाधरना…

रांची
Share Now

रांची : केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा को हटाकर VB-G RAM G बिल पारित कराए जाने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला समिति ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क, कचहरी में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना का नेतृत्व जिला संयोजक प्रमुख मुश्ताक आलम ने किया।


धरना को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि मनरेगा जैसे महत्वाकांक्षी कानून को खत्म कर भाजपा सरकार जो नया बिल ला रही है, उससे देश के करोड़ों ग्रामीण गरीब मजदूरों और किसानों को भारी नुकसान होगा। यह बिल करोड़ों अकुशल मजदूरों के रोजगार पर सीधा हमला है, जिसे केंद्र सरकार को अविलंब वापस लेना चाहिए।


केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह बिल केवल गरीब-विरोधी ही नहीं, बल्कि राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने की साजिश भी है। उन्होंने कहा कि “मुंह में राम-राम और बगल में छुरा” भाजपा की कथनी और करनी को दर्शाता है।
राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने धरना को “ऐलाने जंग” बताते हुए कहा कि झामुमो सड़क से लेकर संसद तक इस काले कानून के खिलाफ पूरी ताकत से संघर्ष करेगी।


जिला संयोजक प्रमुख मुश्ताक आलम ने आरोप लगाया कि यह बिल उन राज्यों को निशाना बनाता है, जहां भाजपा की सरकार नहीं है। इससे राज्य सरकारों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत जैसे राज्यों में गरीब मजदूरों को काम से वंचित करने की साजिश रची जा रही है, जबकि भाजपा शासित राज्यों में इसका लाभ दिया जाएगा।


धरना को केंद्रीय सदस्य संमनुर मंसूरी, अश्विनी शर्मा, हेमलाल मेहता, अंतू तिर्की, तारकेश्वर महतो, सोनू मुंडा, अरुण वर्मा, जीत गुप्ता, बबलू राम, महताब आलम, अंशु लकड़ा सहित कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पवन जेड़िया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रामशरण तिर्की ने दिया।


धरना के समापन पर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन रांची जिला उपायुक्त को सौंपा गया। कार्यक्रम में प्रखंडों और महानगर वार्डों से भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *