तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कृषि मेले का आयोजन 16 से 18 जून तक

झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

झारखंड में कृषि क्रांति की नई पहल: कृषि मंत्री

रांची: झारखंड में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से पहली बार तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कृषि मेले का आयोजन 16 से 18 जून तक किया जाएगा। मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत जी करेंगे। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।


मंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि किसानों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले प्रत्येक किसान तक नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचे।


मेले में देशभर के 50 से अधिक कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ भाग लेंगे। किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, कृषि आधारित उद्यमिता और आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अन्य राज्यों की सफल कृषि पद्धतियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।


कृषि विभाग के अनुसार, मेले में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन होगा, जहां किसान सीधे विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। आयोजन में कृषि निवेश, कृषि व्यवसाय और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर रहेगा।


आम लोगों को जोड़ने के लिए प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें झारखंड की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। विभाग को उम्मीद है कि यह मेला राज्य में कृषि विकास, निवेश और नवाचार को नई गति प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *