अबुआ सरकार से सरना प्रार्थना सभा की मांग
रांची : सरना प्रार्थना सभा, रांची महानगर ने सरहुल पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक की। यह बैठक सोमवार को चूड़ी बस्ती और चंदवे में हुई। उक्त मौके पर उपस्थित सभा के सचिव सोनू खलखो ने कहा कि चैत मास के शुक्ल पक्ष में मनाया जाने वाला सरहुल आदिवासियों का सबसे बड़ा प्रकृति पर्व है। इसमें सूर्य और धरती की पूजा होती है। यह पर्व एक अप्रैल को मनाया जाएगा। सभा ने सरकार से राजधानी रांची में सरहुल पर्व के अवसर पर विद्युत सज्जा, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की।
सभा ने शोभा यात्रा के दिन शहर के सभी चौक-चौराहों पर शौचालय और स्वच्छ पेयजल की भी व्यवस्था करने की अपील की। सरकार से यह भी आग्रह किया गया कि राज्यभर में लगी एलईडी स्क्रीन पर सरहुल शोभा यात्रा का लाइव प्रसारण किया जाए। शोभा यात्रा के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। इसके अलावा, रांची नगर निगम क्षेत्र के 53 वाडों में दो-दो बसों की व्यवस्था करने की भी अपील की गई। बैठक में सोनू खलखो, सुजय टोप्पो, संजय टोप्पो, राजेश गाड़ी, राजेश टोप्पो, महादेव उरांव समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
