नगड़ी चौक पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, चालक अंदर फंसा

अपराध अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

द जन सभा डेस्क | रांची

रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित नगड़ी चौक में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो चालक शाहिद अंसारी (38), निवासी बाढ़ू गांव, पिठौरिया, क्षतिग्रस्त टेंपो के अंदर ही फंस गए। टेंपो में सवार बुकरू निवासी एक महिला के भी घायल होने की जानकारी है। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से काफी मशक्कत के बाद शाहिद अंसारी को टेंपो से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कॉर्पियो रांची से पिठौरिया की ओर जा रही थी, जबकि टेंपो पिठौरिया से रांची की ओर आ रहा था। लोगों का आरोप है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी तरफ चली गई और टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने चालक की पहचान नगड़ी निवासी अमोल खलखो के रूप में बताई है, जो बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में कार्यरत बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में टेंपो नंबर JH01BN4762 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्कॉर्पियो नंबर JH01FF8774 बताया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ फरार चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *