द जन सभा | निरंजन भारती
पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को पाटने तथा लोगों की समस्याओं के त्वरित व प्रभावी निष्पादन के लिए रांची पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रांची की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के तहत, बुधवार को जिले के सभी थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पुलिसिंग को पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में यह लगातार दूसरा सप्ताह है, जब आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका ऑन-द-स्पॉट निवारण करने के लिए इस तरह के विशेष शिविरों का आयोजन किया गया है। जन शिकायत समाधान शिविर को ग्रामीण इलाकों में मजबूती देने के लिए रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी सीधे आम नागरिकों से संवाद करने और उनकी शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करने के लिए कांके थाना में स्वयं मोर्चा संभालेंगे

कांके थाना में दोपहर 12 बजे से सजेगा दरबार
कांके थाना में शिविर के लिए दोपहर 12:00 बजे से लेकर अपराह्न 03:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है, जहाँ ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और इंस्पेक्टर कुणाल कुमार सहित थाने के कई अधिकारी आम जनता की फरियाद सुनने के लिए मौजूद रहेंगे। पिछले सप्ताह के अनुभवों को देखते हुए इस बार और बेहतर तैयारियाँ की गई हैं, ताकि पुलिसिंग को सीधे जनता के दरवाजे तक पहुँचाया जा सके। इस बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम में न केवल आम लोगों की शिकायतों को दर्ज किया जाएगा, बल्कि उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। ग्रामीण एसपी के अलावा, रांची के अन्य सभी प्रमुख थानों में भी अलग-अलग वरीय पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है जो तय समय से थानों में मौजूद रहेंगे ।
डोरंडा थाना में कमान संभालेंगे वरीय पुलिस अधीक्षक
डोरंडा थाना में स्वयं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन कमान संभालेंगे। वे दोपहर 01:00 बजे से लेकर अपराह्न 04:00 बजे तक डोरंडा थाना में उपस्थित रहकर जनता के दरबार में आम लोगों से संवाद कर उनकी शिकायतों की सुनवाई करेंगे। इस दौरान हटिया के पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार भी दोपहर 12:00 से 02:00 बजे तक उनके साथ सहयोग के लिए मौजूद रहेंगे।
