भगवान जगन्नाथ की भव्य यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हरिनाथ साहू
द जन सभा | डेस्क

रांची जिले के पिठौरिया में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा इस वर्ष भी पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। लोगों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
शाम करीब छह बजे विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद भगवान के रथ को पिठौरिया चौक स्थित मौसीबाड़ी के लिए रवाना किया गया। मुख्य पुजारी जगन्नाथ मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कर भगवान को महाभोग अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच रथ को खींचना शुरू किया।
रथयात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब देखने को मिला। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने। भजन-कीर्तन, शंखध्वनि और घंटियों की गूंज से पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। आयोजन समिति और स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
रथयात्रा में लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन समिति को सफल और सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर प्रमोद प्रसाद गुप्ता, कपिल साहू, बिंदेश्वर साहू, पंचायत की मुखिया मुन्नी मुंडा सहित कई लोग मौजूद रहे।
रथयात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष विष्णु साहू के नेतृत्व में कार्यक्रम का संचालन किया गया। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों से लेकर रथयात्रा के संचालन तक सक्रिय भूमिका निभाई। समिति ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, प्रशासन और सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
पिठौरिया की ऐतिहासिक रथयात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सामुदायिक सहभागिता का भी मिसाल बनी। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने और मजबूत किया।
