मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एसएनएमएमसीएच का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश
रांची: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह और रांची से आई डॉक्टरों की टीम के साथ शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने अस्पताल के डॉक्टरों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और अस्पताल परिसर का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. अंसारी ने अस्पताल में पाई गई कई खामियों पर नाराजगी जताई और अधीक्षक को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले इमरजेंसी परिसर स्थित महिला वार्ड का निरीक्षण किया, जहां मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और सुविधाओं की जानकारी ली। वार्ड में बेड की खराब स्थिति और घटिया चादरों को देखकर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की।
डॉ. अंसारी ने ओपीडी और ऑर्थो वार्ड का भी निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने अधीक्षक को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि हम इतने खर्च करते हैं और उसके बावजूद अस्पताल की यह स्थिति चिंताजनक है। अस्पताल की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार एसएनएमएमसीएच का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल काफी पुराना है और इसे दुरुस्त करने की जरूरत है। साफ-सफाई और मरीजों के इलाज की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों को बार-बार रेफर करना उचित नहीं है और सरकारी अस्पताल की अनदेखी नहीं की जाएगी।
संथाल परगना के लोगों को जल्द ही मिलेगी सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल की सौगात
डॉ. अंसारी ने घोषणा की कि संथाल परगना के लोगों को जल्द ही सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल की सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के निर्माण में करोड़ों की लागत आई है और अब इसे छह माह के भीतर चालू किया जाएगा। डॉक्टरों की कमी दूर कर अस्पताल को पूरी तरह से संचालित किया जाएगा। धनबाद में आउटसोर्सिंग विवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि धनबाद में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोयला हमारा है, जमीन हमारी है, लेकिन फायदा केंद्र सरकार उठा रही है। भाजपा ने धनबाद को लूट का अड्डा बना दिया है, जो अब नहीं चलने दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि खरमास समाप्त हो चुका है। अब ‘ऑपरेशन इरफान अंसारी’ शुरू हो गया है। हमारा लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाकर जनता को बेहतर सुविधा दी जाए।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
