
लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू और उपाध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता का रांची एयरपोर्ट में हुआ भव्य स्वागत
रांची : लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हरिनाथ साहू एवं उपाध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता सहित वरीय पदाधिकारी शुक्रवार देर रात रांची लौटे। रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सभी का भव्य स्वागत किया गया।
पार्टी के प्रदेश महासचिव प्रमोद प्रसाद गुप्ता एवं रांची जिला अध्यक्ष अशोक राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोशीले अंदाज में प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष को माला पहनकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान एयरपोर्ट परिसर लोकहित अधिकार पार्टी जिंदाबाद और हरिनाथ साहू जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा, जिससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू ने कहा कि झारखंड आज गंभीर जन समस्याओं से जूझ रहा है। ओबीसी आरक्षण, स्मार्ट मीटर के कारण बढ़ते अप्रत्याशित बिजली बिल, छात्रवृत्ति में हो रही देरी, नगर निकाय चुनाव, पेसा कानून, स्थानीय नीति, पलायन और विस्थापन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सवालों पर लोकहित अधिकार पार्टी बहुत जल्द राज्यव्यापी आंदोलन का जंग छेड़ेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए आंदोलन की तैयारी और उसकी रूपरेखा तय करने के लिए एक अहम बैठक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को दोपहर दो बजे से कांके रिंगरोड स्थित आईटीबीपी के पास हथिया पत्थर के समीप पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई है।
इस बैठक में प्रदेश, जिला एवं प्रखंड स्तर के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे, जहां आंदोलन की रणनीति, कार्यक्रम का रूपरेखा और दिशा तय की जाएगी।
