
चतरा/ संवाददाता: चतरा जिले के टंडवा प्रखंड में संचालित आम्रपाली कोयला परियोजना में खनन व परिवहन कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आठ वर्षों के टेंडर धारक एनसीसी प्रबंधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन उर्फ सोनू सिन्हा ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
झामुमो जिला अध्यक्ष ने सख्त लहजे में कहा कि कंपनी प्रबंधन द्वारा स्थानीय लोगों की अनदेखी कर शॉर्टकट के माध्यम से बाहरी लोगों को बहाल किया जा रहा है, जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ऐसे लोगों को कार्य से नहीं हटाया गया, तो झामुमो द्वारा उन्हें चिन्हित कर खदेड़ा जाएगा।
निलेश ज्ञासेन ने कहा कि स्थानीय क्षेत्र में योग्यताधारी युवाओं की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद ट्रिपर चालक, लोडर चालक समेत अन्य कार्यों में बाहरी लोगों को रखा जा रहा है। यह सीधे तौर पर स्थानीय लोगों के हक का हनन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की 75 प्रतिशत स्थानीय नियोजन की नीति का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन को आगाह करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की उपेक्षा करने पर आम जनता का आक्रोश झेलना पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए पूरे मामले की समुचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में आंदोलन की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
