
कांके (संवाददाता)। प्रखंड के उप प्रमुख अंजय बैठा के आवास परिसर स्थित माँ दुर्गा मंदिर का आठवाँ स्थापना दिवस आगामी 20 अप्रैल को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसी कड़ी में उप प्रमुख अंजय बैठा ने कांके के अंचल अधिकारी (CO) अमित भगत से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें इस अनुष्ठान में सम्मिलित होने के लिए विधिवत निमंत्रण पत्र सौंपा।
2018 में हुई थी प्राण प्रतिष्ठा
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में अंजय बैठा ने अपने निजी आवास परिसर में वैदिक रीति-रिवाज और पूर्ण विधि-विधान के साथ माँ दुर्गा के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कराई थी। तब से प्रत्येक वर्ष इस तिथि को स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। बीते सात वर्षों में यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए गहरी आस्था का केंद्र बन चुका है।
धार्मिक कार्यक्रमों की धूम
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए अंजय बैठा ने बताया कि 20 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस आठवें वार्षिकोत्सव में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। अंचल अधिकारी अमित भगत ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए इस आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं।
