केरेडारी/ आम्रपाली: केरेडारी प्रमुख सुनीता देवी के नेतृत्व में विस्थापितों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को चंद्रगुप्त आम्रपाली परियोजना के नवनियुक्त महाप्रबंधक (जीएम) संजीव कुमार से औपचारिक मुलाकात किया। प्रतिनिधिमंडल ने जीएम संजीव कुमार को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान आम्रपाली और चंद्रगुप्त परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से परियोजना से प्रभावित विस्थापित रैयतों के अधिकार, पुनर्वास, रोजगार और सहयोगात्मक कार्यप्रणाली पर बातचीत हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने विस्थापितों की समस्याओं और अपेक्षाओं से जीएम को अवगत कराया। इस अवसर पर जीएम संजीव कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि सीसीएल का कार्य विस्थापित और प्रभावित रैयतों के हितों को ध्यान में रखकर ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग से ही परियोजना का संचालन सुचारू रूप से संभव है।
मौके पर उपस्थित कांग्रेस पंचायतीराज जिला अध्यक्ष प्रेम रंजन ने कहा कि चंद्रगुप्त आम्रपाली परियोजना क्षेत्र के विस्थापितों के साथ न्याय होना चाहिए। आज की मुलाकात सकारात्मक रही है। हमें उम्मीद है कि नए जीएम संजीव कुमार के नेतृत्व में रैयतों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाएगा।

मुलाकात करने वालों में सुंदर प्रसाद गुप्ता, प्रेम रंजन पासवान, मनोज गुप्ता, विनोद नायक, कुलदीप शाह, श्याम देव शाह, कालूराम, प्रदीप कुमार, अरुण पासवान, कमलेश पासवान, हीरा साहब, धनपति शाह, रेशमा परवीन, रेणु देवी, मोहम्मद आरिफ, विजय गुप्ता, रोहित कुमार, मुकेश कुमार, कृष्ण गुप्ता सहित विस्थापित-प्रभावित समिति के सैकड़ों सदस्य शामिल थे।
