रांची: झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि कल 29 अगस्त को होने वाले कैबिनेट की बैठक में वैश्य मोर्चा के मुद्दों पर विचार किया जाये. श्री साहु ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को वैश्य एवं पिछड़ों को भी साथ लेकर चलना चाहिए, ताकि सामाजिक समरसता एवं समीकरण बना रहे. महेश्वर साहु ने कहा है कि वैसे तो वैश्य मोर्चा की ओर से अनेकों बार राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री को मांग-पत्र और ज्ञापन दिया गया है, लेकिन गत विधानसभा सत्र के दौरान 31 जुलाई को विधानसभा स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 42 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने मिलकर 10 सूत्री मांग-पत्र दिया था. तब मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा था कि इस संबंध में जल्द ही सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी. वे लोग उन्हें अपना ही समझें. हम लोगों को उम्मीद थी कि वैश्य एवं ओबीसी को चुनाव से पहले इसका लाभ मिलेगा. लेकिन अब एक माह होने को है.
वैश्य मोर्चा अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा है कि राज्य सरकार कैबिनेट बैठक में प्रभावकारी निर्णय ले सकती है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह है कि 29 अगस्त को होने वाली कैबिनेट की बैठक में वैश्य मोर्चा के मुद्दों एवं मांगों पर विचार करें. तभी इस समाज एवं ओबीसी वर्ग को आकर्षित कर सकते हैं. पहल दोनों ओर से होनी चाहिए. वैश्य एवं ओबीसी को दिखना चाहिए कि सरकार उनके लिए सकारात्मक कोशिश कर रही है. श्री साहु ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कहीं ओबीसी का आरक्षण और वैश्यों की समस्याएं मुद्दा न बन जाए.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
