द जन सभा | डेस्क
चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध बालू का कारोबार करने वालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर टंडवा अंचल अधिकारी और पिपरवार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने लगभग 100 ट्रैक्टर अवैध बालू ज़ब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मामले की जानकारी देते हुए टंडवा के अंचल अधिकारी गौरव रॉय ने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से अवैध बालू डंप करने और इसकी बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पिपरवार पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध बालू का धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और आम लोगों में खुशी और राहत देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बालू माफिया नदियों से अवैध बालू उठाकर गाँव के आसपास जमा कर लेते थे। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुँच रहा था, बल्कि बाद में माफिया इसी बालू को आम जनता को बहुत महंगे दामों में बेचा करते थे। प्रशासन की इस सख्ती से अब बालू की कालाबाजारी पर रोक लगने की उम्मीद लोगों ने जताया है ।
