रांची: झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से झारखण्ड के सामाजिक आर्थिक विकास पर आयोजित व्यवसायिक संवाद में महासचिव आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शामिल होकर, प्रदेश की आर्थिक प्रगति में सहायक बिंदुओं पर चर्चा की। संवाद में शामिल माननीय कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी से मिलकर प्रतिनिधिमंडल ने खनन और उद्योग विकास, पर्यटन विकास, कृषि विस्तार, कौशल विकास और उद्यमिता तथा उद्योगों के उत्थान के लिए बुनियादी ढांचे के विकास से जुडे अपने विचार साझा किये। मौके पर झारखण्ड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल भी शामिल थे।
पैनलिस्ट के तौर पर कार्यक्रम में शामिल चैंबर महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ करने के लिए प्रदेश में बंद पडी खदानों को खुलवाना, पर्यटन विकास की दिशा में ठोस पहल और बडे पैमाने पर रोजगार सृजन के लिए प्रदेश में रेलवे और डिफेंस के बडे उपक्रमों की स्थापना के साथ ही राज्य से निर्यात को बढावा देना आवश्यक है। सरकार और औद्योगिक घरानों के बेहतर समन्वय से राज्य में औद्योगिक क्रांति लाई जा सकती है।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर महासचिव आदित्य मल्होत्रा के अलावा सह सचिव नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य शैलेष अग्रवाल, अमित शर्मा, रोहित पोद्दार और निवर्तमान अध्यक्ष किशोर मंत्री शामिल थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
