सशक्त सेना समृद्ध भारत प्रदर्शनी में जवानों ने दिखाया पराक्रम

रांची
Share Now

राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया प्रदर्शनी का शुभांरभ

रांची: राज्यपाल संतोष गंगवार ने सशक्त सेना समृद्ध भारत प्रदर्शनी  के लिए पूर्वी कमान को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी हमारी सेना के समर्पण शहादत और देश सेवा का प्रतीक है। युवाओं के प्रेरणा देने वाली यह प्रदर्शनी देश सेवा का जज्बा पैदा करने वाली है। हमारी सेना विषम परिस्थिति में भी देश सेवा करती है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने कहा था की भारत देश सिर्फ भूमि का टुकड़ा नहीं है। यह भूमि वंदन की भूमि है अभिनंदन की भूमि है। आत्मनिर्भर भारत हमारे देश की प्रगति की पहचान हैं। सेना के त्याग और समर्पण से ही हमारी सरहदें सुरक्षित हैं। राज्यपाल संतोष गंगवार शुक्रवार रांची में पूर्वी कमान द्वारा मोरहाबादी मैदान में आयोजित 6 से 8 सितम्बर 2024 तक चलने वाले सशक्त सेना समृद्ध भारत प्रदर्शनी  के शुभारंभ के दौरान बोल रहे थे।


राज्यपाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा और समर्पण के लिए सैन्य बलों की प्रशंसा की। उन्होंने उन्हें विशेष रूप से युवाओं के लिए साहस और अनुशासन का प्रतीक बताया।

भारत की सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना: संजय सेठ


केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह सौभाग्य है कि राजधानी रांची में इस प्रकार का आयोजन होने जा रहा है। सशक्त सेना समृद्ध भारत का यह कार्यक्रम यह बताता है की भारत की सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना हैं। हजारों किलोमीटर की सरहद अगर सुरक्षित है तो इनकी वजह से हैं। तिरंगे की आन बान शान की रक्षा के लिए लगातार चौकसी करते हैं हमारे जवान। माइनस 40 डिग्री में भी सरहदों की सेवा करने के जज्बे को में सलाम करता हूं। उन्होंने कहा कि आम लोगों तक सेना के शौर्य, उपकरण और सेना में नियुक्तियों की विधि से परिचित कराने का अद्भुत प्रदर्शन है। हमारी सेना के काम, अस्त्र शस्त्र और सेना में अपना भविष्य बनाने के लिए यह प्रदर्शनी युवा पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगी। मुझे भरोसा है कि झारखंड के लोग इस प्रदर्शनी से प्रेरणा लेंगे ।


संजय सेठ ने कहा कि हम रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रहे हैं और इस दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं। आज हमारा देश 85 देशों को अस्त्र-शस्त्र का निर्यात कर रहे हैं और यह निरंतर बढ़ रहा हैं। दो कोरोडोर उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में बने हैं। पूर्व सैनिकों के लिए भी मेले का आयोजन हो रहा है यह खुशी दोगुनी करने वाला है। जॉब फेयर भी फुटबाल मैदान में लग रहा है। ये रांची के लिए अद्भुत क्षण हैं।


प्रर्दशनी में लेफ्टिनेंट जनरल राम चंद्र तिवारी, पूर्वी कमान ने माननीय राज्यपाल और माननीय रक्षा राज्य मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रदर्शनियों का दौरा किया और रांची में सशक्त सेना समृद्ध भारत प्रदर्शनी के आयोजन में सैन्य बलों के उल्लेखनीय प्रयासों को स्वीकार किया। यह प्रदर्शनी भारतीय सैन्य बलों और देश के नागरिकों के बीच बंधन को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


बता दें कि प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिक समाज और सैन्य बलों के बीच संबंधों को मजबूत करना और राष्ट्र के युवाओं को प्रेरित करना करना है। प्रदर्शनी में अत्याधुनिक सैन्य हथियारों और उपकरणों की प्रदर्शनी देखने का मौका मिला, जिसमें भारतीय सैन्य बलों की शौर्य और पराक्रम को दर्शाया गया। प्रदर्शनी में नई पीढ़ी के उन्नत हथियार, जैसे सिग सॉयर और एके 203 राइफल्स, नेगेव लाइट मशीन गन, इन्फैंट्री मोर्टार, एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल और लोइटर म्यूनिशन सिस्टम भी दिखाई दिये। लॉन्ग रेंज आर्टिलरी गन, बोफोर्स और अल्ट्रा लाइट होवित्जर, एंटी एयरक्राफ्ट गन और एयर डिफेंस रडार भी प्रदर्शित किए गए। दर्शकों को बेहद सक्षम आधुनिक सैन्य वाहनों को देखने का अवसर मिला, जिसमें ऑल टेरेन व्हीकल, हाई मोबिलिटी रिकोनेसेंस व्हीकल, स्पेशलिस्ट मोबिलिटी व्हीकल और रफ टेरेन लॉजिस्टिक व्हीकल शामिल थे। वायुसेना की आकाशगंगा टीम द्वारा लड़ाकू फ्री फॉल के लाइव प्रदर्शन और इन्फेंट्री सैनिकों द्वारा विभिन्न लड़ाकू सिमुलेशन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निगरानी से लेकर रसद तक की क्षमताओं वाले सैन्य ड्रोनों की एक विस्तृत श्रृंखला ने स्वदेशी तकनीकी कौशल और आत्मनिर्भरता का प्रदर्शन किया गया।


वहीं, सैन्य बलों के गतिविधियों और उपकरणों का अनुभव देने के लिए विशेष स्टॉल बनाए गए थे, जिसमें नाइट विजन डिवाइस और हथियार प्रशिक्षण सिमुलेटर से लैस निगरानी कक्ष शामिल थे। चयनित छात्रों को हॉट एयर बैलून की सवारी करने और विमानों के स्थिर प्रदर्शन को देखने का अवसर दिया गया। दर्शकों पर फूलों की वर्षा करने वाले माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट फ्लाईपास्ट की साहसिक गतिविधियों और डेयरडेविल्स आर्मी मोटरसाइकिल टीम के लुभावने स्टंट ने लोगों को रोमांचित कर दिया। हेलीकॉप्टरों के फ्लाईपास्ट के बाद भारतीय वायु सेना के हॉक जेट्स ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


सैन्य बैंड ने मार्शल धुनों के साथ समारोह को और भी आकर्षक बना दिया, जिससे दर्शकों ने मार्शल आर्ट और सांस्कृतिक प्रदर्शनों का आनंद लिया। प्रदर्शनी में पूर्वी कमान और कारगिल युद्ध की समृद्ध विरासत और इतिहास को उजागर करने वाले प्रदर्शन भी शामिल थे। मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में भारतीय सैन्य बलों के योगदान को भी प्रदर्शित किया गया। सैन्य बलों में करियर बनाने के लिए छात्रों को मार्गदर्शन और जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित स्टॉल लगाए गए। भारतीय वायु सेना और नौसेना द्वारा भी सूचनात्मक स्टॉल लगाए गए।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *