द जन सभा | डेस्क | रांची

डीजीपी पर बयानबाजी से नाराज पुलिस एसोसिएशन, मरांडी को दी नसीहत
झारखंड में पुलिस की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पुलिस विभाग को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का हिस्सा बनाना और पुलिस के नेतृत्व पर सवाल खड़े करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने इस संबंध में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हाल के दिनों में जिस प्रकार राजनीतिक बहसों के केंद्र में झारखंड पुलिस की कार्यप्रणाली को लाया जा रहा है, उससे पुलिस संगठन की गरिमा और पुलिसकर्मियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल एक सरकारी विभाग नहीं, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था और संवैधानिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है।
एसोसिएशन ने पुलिस की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों को लेकर दो टूक कहा कि किसी भी जांच की दिशा राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि ठोस साक्ष्यों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया से तय होनी चाहिए। पुलिस किसी राजनीतिक दल की पटकथा को विश्वसनीय बनाने का माध्यम नहीं बन सकती। पुलिस का दायित्व प्रभावशाली हो या सामान्य व्यक्ति, सभी मामलों में निष्पक्षता के साथ सच्चाई सामने लाना है।
पुलिस नेतृत्व पर सवाल से जवानों का मनोबल प्रभावित
प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि पुलिस विभाग की आंतरिक कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर बिना ठोस तथ्यों के सवाल खड़े करना उन हजारों पुलिसकर्मियों के मनोबल को प्रभावित करता है, जो दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के आंतरिक अनुशासन और नेतृत्व को राजनीतिक विवादों में घसीटना संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कदम है।
सबूत हैं तो जांच एजेंसी और अदालत जाएं : एसोसिएशन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास अपनी बेगुनाही के प्रमाण हैं अथवा किसी राजनीतिक दल के पास कथित षड्यंत्र से संबंधित ठोस साक्ष्य मौजूद हैं, तो उन्हें सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी करने के बजाय जांच एजेंसियों और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। राजनीतिक असफलताओं और आंतरिक विरोधाभासों का ठीकरा पुलिस विभाग पर फोड़ना उचित नहीं है। एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और जवान किसी राजनीतिक दबाव के प्रति नहीं, बल्कि संविधान और कानून के प्रति जवाबदेह है। संगठन के मुताबिक, राजनीतिक शोर-शराबे से जांच की दिशा और सच्चाई प्रभावित नहीं हो सकती। अपराध और निर्दोषता का निर्धारण केवल साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए।
डीजीपी पर बयानबाजी को लेकर भी जताई नाराजगी
एसोसिएशन के बयान का सबसे महत्वपूर्ण पहलू राज्य पुलिस के सर्वोच्च पद डीजीपी के प्रति की जा रही बयानबाजी पर जताई गई नाराजगी है। प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से भविष्य में झारखंड पुलिस के शीर्ष नेतृत्व को लेकर अनर्गल बयान देने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी और नेतृत्व की प्रतिष्ठा को राजनीतिक विवादों में घसीटना उचित नहीं है । राहुल कुमार मुर्मू ने छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को सद्बुद्धि मिले और वे झारखंड पुलिस एसोसिएशन की भावनाओं, पुलिस की गरिमा, निष्पक्षता तथा जवानों के मनोबल को समझें। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के इस कड़े रुख के बाद पुलिस नेतृत्व और विपक्ष के बीच जारी बयानबाजी को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एसोसिएशन की इस सार्वजनिक आपत्ति पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
