चक्रधरपुर (पश्चिम सिंहभूम), 27 दिसंबर 2025: टिकरचांपी स्थित कोल्हान नितिर तुरतुंग (KNT) अध्ययन केंद्र एवं सगोम लाइब्रेरी का पाँचवाँ स्थापना दिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। वर्ष 2020 में स्थापित यह अध्ययन केंद्र बीते पाँच वर्षों से आदिवासी एवं जरूरतमंद युवाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में निःशुल्क मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा एवं भारत के प्रथम उप-राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। अध्यक्ष श्री माझीराम जामुदा, समाजसेवी श्री सोमनाथ कोया एवं श्री जगन्नाथ बाहँदा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बैंक अधिकारी आजाद बोईपाई तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सरस्वती कुदादा (JSLPS ट्रेनर), शरद महतो एवं शेखर कुमार झा उपस्थित रहे।
स्वागत संबोधन में अध्यक्ष माझीराम जामुदा ने संस्था की पाँच वर्षों की यात्रा, उद्देश्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोल्हान नितिर तुरतुंग शिक्षा के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विशिष्ट अतिथि शेखर कुमार झा ने छात्रों को सोशल मीडिया के सीमित और सार्थक उपयोग की सलाह देते हुए पढ़ाई एवं करियर पर फोकस रखने का संदेश दिया। वहीं, सरस्वती कुदादा ने महिलाओं एवं युवतियों को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और JSLPS के माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इस वर्ष अग्निवीर भर्ती, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, तसर विभाग एवं होम गार्ड में चयनित कुल 46 सफल अभ्यर्थियों का सम्मान समारोह रहा। मंच से सम्मानित किए गए इन युवाओं ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा कर अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्था के महासचिव प्रेम सिंह डांगिल, उपाध्यक्ष दया सागर केराई, कार्यालय सचिव हेमंत सामड, संस्थापक सदस्य सत्यजीत हेमब्रोम, रबिन्द्र गिलुवा, रवि हेमब्रोम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
