द जन सभा | डेस्क
राँची के कांके थाना क्षेत्र में देर रात हुई फ़ायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति से हुए विवाद के बाद उसे डराने की नीयत से यह गोलीबारी की गई थी। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह घटना 24 जुलाई की रात करीब 11:00 बजे की है। फ़ायरिंग की सूचना मिलते ही कांके थाने के रात्रि गश्ती दल ने सशस्त्र बलों के सहयोग से तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को वार्डर लाइन रिनपास, कांके से गिरफ़्तार कर लिया।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान 38 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के गया ज़िले के अलीपुर थाना क्षेत्र स्थित बारा गाँव का निवासी है और उसके पिता का नाम परमानन्द शर्मा है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बगल में रहने वाले व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसे डराने के उद्देश्य से फ़ायरिंग की गई थी। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक डबल बैरल गन DBBL Gun, 12 बोर के पाँच ज़िंदा कारतूस जिन पर KF 12 अंकित है, एक लाइसेंस और एक रेडमी ब्रांड का स्मार्टफोन ज़ब्त किया है। इस मामले में कांके थाने में कांड संख्या 145/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 292 और आर्म्स एक्ट की धारा 27/30 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
