द जन सभा | डेस्क
विधायक जयराम कुमार महतो पर पुलिस को धमकाने और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है । झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि विधायक और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अविलंब सुनिश्चित की जाए। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 अगस्त की रात धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी को विधायक के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल किया गया। आरोप है कि इस दौरान धमकी भरे और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस को कथित तौर पर यह भी कहा गया कि सरकार बदलने के बाद उन्हें खोज-खोज कर जवाब दिया जाएगा।

एसोसिएशन के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह भी आरोप लगाया है कि विधायक जयराम महतो लगातार सोशल मीडिया और प्रेस के जरिए पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। संगठन ने इसे पुलिस अधिकारियों के सम्मान और गरिमा पर सीधा हमला बताया है। इस मामले में बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने केंद्रीय कार्यालय की गिरफ्तारी संबंधी मांग को खुला समर्थन देते हुए कहा है कि कानून सभी के लिए बराबर है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए।

एसोसिएशन ने साफ शब्दों में संदेश दिया है कि वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को धमकाने, दबाव बनाने और अपमानित करने के आरोपों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। संगठन ने विधायक जयराम कुमार महतो और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है।
