हजारीबाग/विष्णुगढ़ : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की जघन्य घटना को लेकर सियासत गरमा गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव सह बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला।

अंबा प्रसाद ने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए कहा कि यह घटना निर्भया कांड से भी अधिक दर्दनाक और भयावह है। उन्होंने कहा कि कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान अंबा प्रसाद ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें फांसी की सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने घटनास्थल और अंतिम संस्कार स्थल का भी दौरा किया तथा मामले की पूरी जानकारी ली।
पूर्व विधायक ने हजारीबाग पुलिस से तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें।

रामनवमी के मौके पर उन्होंने लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि समाज में बढ़ रही ऐसी जघन्य घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने हजारीबाग बंद कर प्रशासन पर दबाव बनाने की भी अपील की।
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद अंबा प्रसाद थाना पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई की जानकारी लेते हुए जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान दानिश अहमद, कोमल कुमारी, शाहनवाज अख्तर, माशूक रजा, गुलाबचंद पटेल, बच्चन महतो, दिलीप सिंह, भीम कुमार, साबिर अंसारी, पीयूष, शहबाज़ आलम समेत कई लोग मौजूद रहे।
