नामकुम में ज्वैलरी दुकान चोरी का खुलासा, 2 गिरफ्तार

रांची
Share Now

द जन सभा डेस्क | रांची

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, राहुल ज्वेलर्स दुकान से मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की तीन डायरी, चांदी और सोने के आभूषण समेत नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। घटना 4 सितंबर 2026 की सुबह की बताई गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल फोन, तीन हिसाब वाली डायरी, करीब 100 ग्राम की चांदी की चेन, करीब 35 ग्राम की गोल्ड-पॉलिश चेन, दो चांदी की अंगूठियां और करीब आधा ग्राम का सोने का नथिया बरामद किया।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नामकुम थाना क्षेत्र के अशोक लोहरा और डोरंडा थाना क्षेत्र के क्षितिज कच्छप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अशोक लोहरा का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण सिंह समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *