चतरा/टंडवा: सीसीएल की महत्वपूर्ण आम्रपाली–चंद्रगुप्त कोल परियोजना में नए नेतृत्व के साथ एक नए युग की शुरुआत हुई है। संजीव कुमार ने विधिवत रूप से आम्रपाली–चंद्रगुप्त क्षेत्र के नए महाप्रबंधक (जीएम) के रूप में पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान प्रभारी जीएम सह परियोजना अधिकारी मोहम्मद अकरम ने उन्हें कार्यभार सौंपते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद जीएम संजीव कुमार ने क्षेत्र के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका लक्ष्य केवल उत्पादन लक्ष्य हासिल करना नहीं, बल्कि उत्कृष्टता की नई परिभाषा गढ़ना है।
उन्होंने कहा कि आम्रपाली क्षेत्र वर्तमान में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन अब हमारी सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा हम स्वयं होंगे। चुनौती यह है कि हम हर दिन खुद को कल से बेहतर कैसे बनाएं।
कार्यशैली पर जोर देते हुए जीएम ने सख्त लहजे में कहा कि काम में किसी भी प्रकार की टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो कार्य आज होना है, वह आज ही पूरा किया जाए, जब तक कि उसे टालना पूरी तरह असंभव न हो।
टीम वर्क को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, सहयोग और कार्यस्थल पर मधुर संबंध बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मजबूत टीम भावना के साथ ही आम्रपाली क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
निवर्तमान जीएम अमरेश कुमार सिंह के स्थानांतरण के बाद संजीव कुमार के नेतृत्व संभालने से क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है। बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और उत्पादन लक्ष्यों को समयबद्ध एवं सुरक्षित तरीके से पूरा करने पर विशेष बल दिया।
