THE JAN SABHA| LATEHAR
बालूमाथ में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ CISF और झारखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई। संयुक्त अभियान में 40 टन अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त।

बालूमाथ : लातेहार जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा शिकंजा कस है। CISF और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 40 मीट्रिक टन अवैध कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया गया है। जब्त ट्रक का नंबर JH 19E 0664 बताया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध कोयले के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, बालूमाथ थाना क्षेत्र में एक पुराने पेट्रोल पंप के समीप ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा था। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस और CISF की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में कोयला लदा मिला। इसके बाद ट्रक को पुलिस पिकेट लाकर आगे की जांच और सत्यापन किया गया। जांच के दौरान कोयले के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद जिला खनन पदाधिकारी से कोयले का सत्यापन कराया गया। जांच में परिवहन अवैध पाए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस अभियान का नेतृत्व CISF की ओर से उप कमांडेंट के.के. वानखेम और झारखंड पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक अनुभव सिन्हा ने किया। बताया जा रहा है कि मगध-अम्रपाली कोयला क्षेत्र में CISF की तैनाती के करीब दो महीने बाद बालूमाथ पुलिस के साथ यह पहली बड़ी संयुक्त कार्रवाई है। सरकार की ‘Zero Coal Leakage Policy’ यानी शून्य कोयला रिसाव नीति के तहत अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने की कोशिश तेज की जा रही है। पुलिस, CISF, प्रशासन और खनन विभाग के बीच समन्वय बढ़ाकर ऐसे नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, 40 टन कोयले से लदे ट्रक की बरामदगी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस कोयले का असली मालिक कौन है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं?
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
