कांके में बीएयू कर्मी दीप उपाध्याय के बंद घर में लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवरात के साथ 315 बोर की लाइसेंसी राइफल भी । छठ पूजा में परिवार के साथ पैतृक घर गए थे गृहस्वामी, सात दिनों के भीतर चोरों ने वारदात को दिया अंजाम। डॉग स्क्वायड, एफएसएल और सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच में जुटी रांची पुलिस।

The Jan Sabha| Desk | Ranchi
कांके थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और लाइसेंसी राइफल चोरी कर ली। वारदात बिरसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर के श्रीदुर्गा पूजा स्थल के समीप रहने वाले बीएयू कर्मी दीप उपाध्याय के घर में हुई। जानकारी के मुताबिक, दीप उपाध्याय छठ पूजा के लिए अपने पैतृक घर गए थे। इसी दौरान उनका घर बंद था। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जब वह परिवार के साथ वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे के ग्रिल में लगे ताले की कुंडी कटी हुई मिली। ताला इस तरह से लगाया गया था कि पहली नजर में वह बंद ही दिखाई दे रहा था। घर के अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा मिला और जेवरों के खाली डिब्बे भी इधर-उधर पड़े थे। घर की हालत देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल मामले की सूचना कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और डीएसपी अमर कुमार पांडेय को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद डीएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया।
दीप उपाध्याय की ओर से थाने में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के मुताबिक, चोरों ने बक्से की कुंडी उखाड़कर उसमें रखे करीब 320 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए। इनमें गले का हार, चेन, चूड़ी, अंगूठी, झुमका, टीका और नथिया शामिल हैं। इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के जेवरात और 315 बोर की लाइसेंसी राइफल भी गायब है। राइफल की चोरी को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से मिले एक शॉल को सूंघने के बाद नदी के तट की ओर जाकर जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वारदात किस दिन अंजाम दी गई, इसका पता लगाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
